नगर परिषद ने चलाया अभियान, दोबारा उल्लंघन पर कार्रवाई की चेतावनी
सार्वजनिक स्थलों को प्रचार सामग्री से मुक्त करने की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के जुलाहकड़ी और हरदासपुरा में नगर परिषद की टीम ने अभियान चलाकर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए गए बैनर और पोस्टर हटाए। परिषद ने बिना अनुमति प्रचार सामग्री लगाने वालों को चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि नियमों का दोबारा उल्लंघन करने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शहर में निजी संस्थानों, कारोबारियों और अन्य लोगों की ओर से प्रचार के लिए दीवारों, खंभों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर बैनर-पोस्टर लगा दिए जाते हैं। इससे शहर की सुंदरता प्रभावित होने के साथ सार्वजनिक संपत्ति का स्वरूप भी बिगड़ता है। कई स्थानों पर प्रचार सामग्री लंबे समय तक लगी रहने से अव्यवस्था बनी रहती है।
इस समस्या को संवाद न्यूज के माध्यम से अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद नगर परिषद ने जुलाहकड़ी और हरदासपुरा में कार्रवाई कर प्रचार सामग्री हटाई। परिषद की इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों को अनधिकृत प्रचार सामग्री से मुक्त रखना और शहर की सुंदरता बनाए रखना है। नगर परिषद ने लोगों और संस्थानों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति बैनर-पोस्टर न लगाएं। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
नगर परिषद चंबा की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने बताया कि नियमों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शहर में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।