चंबा। लॉकडाउन का फायदा उठाकर जंगलों में देवदार के पेड़ों पर कुल्हाड़ी चलाई जा रही है। इसी तरह के मामले में एक शख्स ने देवदार का पेड़ काट दिया। आरोपी के घर से वन विभाग ने तीन देवदार के स्लीपर बरामद किए हैं। हालांकि आरोपी वन विभाग की टीम को देख मौके से फरार हो गया।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ चंबा थाना में एफआईआर दर्ज करवा दी है। पुलिस और वन विभाग की टीमें आरोपी की तलाश में जुट गई हैं। इससे पहले भी उपरोक्त आरोपी वन विभाग की टीम को चकमा देकर फरार हो गया था।
तबसे वन विभाग ने उसके ऊपर अपनी निगरानी खी हुई थी। मंगलवार शाम को वन विभाग के अधिकारी को सूचना मिली कि जान मोहम्मद पुत्र यूसुफ निवासी गांव साहलुंई डाकघर कीड़ी ने घर पर देवदार के स्लीपर छिपाकर रखे हैं।
सूचना के आधार पर डिप्टी रेंजर सुनील कुमार की अगुवाई में वन रक्षक सुरेश कुमार, भुवन मोहन पाल, हितेश सिंह, ज्योति, मीनाक्षी, फॉरेस्ट वर्कर कलासो, धारो व भिंद्र, चौकीदार पुन्नू राम व धर्मपाल वनमंडलाधिकारी से उपरोक्त व्यक्ति के घर का सर्च वारंट लेकर साहलुंई गांव पहुंचे।
जान मोहम्मद वन विभाग की टीम को देेख मौके से फरार हो गया। जबकि वारंट के आधार पर विभाग ने घर की तलाशी ली। इसमें विभागीय टीम को घर के भीतर देवदार के तीन स्लीपर बरामद हुए। इसे विभाग ने कब्जे में ले लिया। इसके साथ ही उपरोक्त व्यक्ति के खिलाफ वन अधिनियम के तहत केस दर्ज किया।
आरोपी ने देवदार के स्लीपर कीड़ी के साथ लगते जंगल में देवदार के पेड़ों को काटकर घर पहुंचाए थे। इसको लेकर विभागीय टीम जंगल में भी दबिश देगी। इससे इस बात का पता लगाया जा सके कि जंगल में कितने देवदार के पेड़ काटे गए हैं।
वनमंडलाधिकारी चंबा निशांत मंढोत्रा ने बताया कि साहलुंई गांव में वन विभाग की टीम ने तीन देवदार के स्लीपर बरामद किए हैं। आरोपी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ पुलिस में एफआईआर दर्ज करवा दी है। अब पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाएगी।