डीए, ओवरटाइम और रात्रि भत्ते को लेकर चालकों-परिचालकों ने दिया अल्टीमेटम
चालक-परिचालक संघ बोला- टूट रहा सब्र, निगम प्रबंधन से होगी आर-पार की लड़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। वर्षों से लंबित मांगों को लेकर गुस्सा परिवहन निगम के चालकों-परिचालकों का खुलकर सामने आने लगा है।
डीए, ओवरटाइम, रात्रि भत्ता और अन्य वित्तीय देय के भुगतान में लगातार हो रही देरी से नाराज कर्मचारियों ने सरकार और निगम प्रबंधन को दो टूक चेतावनी दी है कि 31 मई तक उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो 2 जून से एचआरटीसी बसों के पहिये थम सकते हैं।
चालक संघ के प्रधान हेम राज ने कहा कि कर्मचारियों का सब्र जवाब देने लगा है। आरोप लगाया कि कर्मचारियों को न तो समय पर वेतनमान मिल रहा है और न ही वर्षों से लंबित डीए एरियर का भुगतान किया गया है। ओवरटाइम और रात्रि भत्ते जैसी मूलभूत सुविधाएं भी कर्मचारियों को नहीं मिल रही हैं। चालक-परिचालक दिन-रात कठिन परिस्थितियों में सेवाएं दे रहे हैं। तपती गर्मी, लंबी ड्यूटी और जोखिम भरे पहाड़ी मार्गों के बावजूद कर्मचारी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचा रहे हैं लेकिन बदले में उन्हें उनके मेहनत का उचित भुगतान तक नहीं मिल रहा। कर्मचारियों के लिए आराम करने की समुचित व्यवस्था तक नहीं है और कई बार चालक-परिचालकों को बसों में ही रात गुजारनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि लगातार अनदेखी और आर्थिक परेशानियों के कारण कर्मचारियों में भारी रोष है। चालक-परिचालकों ने साफ शब्दों में कहा है कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। यदि सरकार और निगम प्रबंधन ने जल्द ठोस निर्णय नहीं लिया तो 2 जून से बस सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और निगम प्रबंधन की होगी।