सालाें से किराये का भुगतान नहीं करने वालों पर कार्रवाई करेगी नगर परिषद
बार-बार नोटिस देने के बावजूद कई दुकानदारों ने नहीं किया किराये का भुगतान
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। नगर परिषद ने सालों से किराया जमा नहीं करवाने वाले शहर के दुकानदारों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। नगर परिषद ने करीब 30 दुकानदारों को नोटिस जारी करने की तैयारी कर ली है।
नगर परिषद का कहना है कि तय समय में किराया जमा नहीं करवाने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इनकी दुकानें सील करने के साथ जुर्माना भी किया जा सकता है। इन दुकानदारों को 31 मार्च तक बकाया राशि जमा करवाने का आखिरी मौका दिया गया है। नगर परिषद ने दुकानदारों को कई बार चेतावनी दी, नोटिस भी भेजे लेकिन कुछ दुकानदारों ने अब तक जवाब नहीं दिया। इससे नगर परिषद के राजस्व को चूना लग रहा है। ऐसे में नगर परिषद ने सख्त कार्रवाई करने की तैयारी कर ली है।
नगर परिषद का यह कदम न केवल बकाया किराया वसूलने के लिए है, बल्कि शहर में व्यापारियों को संदेश देने के लिए भी है कि नियमों की अवहेलना नहीं बर्दाश्त की जाएगी। उधर, नगर परिषद की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने कहा कि नोटिस मिलने के बाद भी अगर दुकानदार समय पर भुगतान नहीं करते हैं तो उन्हें खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बता दें कि शहर में छोटी से लेकर बड़ी दुकानें और कांप्लेक्स सहित करीब 450 व्यावसायिक परिसर हैं। इनसे नगर परिषद किराया वसूल करती है। इनमें से कुछ दुकानदार ऐसे हैं जिन्होंने लंबे समय से किराये का भुगतान नहीं किया है। किराया वसूली को लेकर नगर परिषद इन लोगों को कई बार नोटिस भी जारी कर चुकी है। ऐसे में अब उन्हें 31 मार्च तक किराये का भुगतान करने का समय दिया है। इसके बाद भी किराया न चुकाने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।