गरीम खणी सड़क का शिलान्यास करते वन मंत्री।
- फोटो : अमर उजाला
उपमंडल भरमौर के लघु संयुक्त भवन पट्टी में मंगलवार को स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण (लाडा) की बैठक की अध्यक्षता वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने की। इस दौरान उन्होंने जीएमआर, जेएसडब्ल्यू व लैंको परियोजना प्रबंधन के साथ भरमौर उपमंडल में करवाए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की।
भरमौरी ने बैठक में प्रशासन को निर्देश देते हुए कहा कि जिन परियोजनाओं में अभी तक प्रोजेक्ट के कार्य आरंभ नहीं किए हैं, उनकी सूची हिम ऊर्जा विभाग व निदेशक ऊर्जा से तलब की जाए और संबंधित परियोजनाओं की स्वीकृतियां रद्द की जाएंगी। उन्होंने कहा कि परियोजना प्रबंधक एक सप्ताह में गाइडलाइन के तहत लाडा की शेष धनराशि जमा करवाएं ताकि भरमौर क्षेत्र के विकास कार्य में धनराशि का उपयोग किया जा सके।
बैठक में वन मंत्री ने होली के अंदलाग्रां के सड़क निर्माण कार्य के लिए लाडा के तहत 50 लाख रुपये स्वीकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भरमौर सीवरेज के लिए 50 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। भरमौर क्षेत्र में कचरा प्रबंधन पर 20 लाख रुपये डीआरडीए चंबा के माध्यम से स्वीकृत किए गए हैं। इस मौके पर जेएसडब्ल्यू परियोजना प्रबंधन भरमौर क्षेत्र की छह पंचायतों में अस्पताल व स्कूल भवनों के निर्माण कार्य को करवाने की जिम्मेदारी ली है। इससे पूर्व वनमंत्री ने खणी से गरीमा सड़क की आधारशिला रखी। जिस पर दो करोड़ रुपये की अनुमानित राशि खर्च होगी। इस मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि भरमौर व पांगी उपमंडल में 50 बिस्तर के रेफरल अस्पताल को मंजूरी प्रदान की गई है। इनके भवनों के लिए भूमि चयन का कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं के लिए प्रदेश सरकार ने इस बजट में 126 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। बैठक में भरमौर प्रशासन के समस्त विभागों के उच्चाधिकारियों ने भाग लिया। उन्हें आदेश दिए गए कि वे 31 मार्च तक मिले लक्ष्यों को पूरा करें। बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष धर्म सिंह पठानिया, भरमौर पंचायत समिति अध्यक्ष नीलम ठाकुर व विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान व स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।