चंबा। दलीप कुमार पुत्र अमर सिंह गांव मांडू डाकघर उटीप तहसील अपनी लापता पत्नी की तलाश में दर-दर भटकने को मजबूर हैं। थक-हार कर अब पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक चंबा से पत्नी को तलाश करने की गुहार लगाई है। पीड़ित ने एक व्यक्ति पर उसकी पत्नी को बरगला कर भगा ले जाने या उसके संपर्क में होने का शक जाहिर किया है।
पीड़ित दलीप कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी सुनीता देवी पिछले एक माह से घर से लापता है। दिहाड़ी लगाकर घर पहुंचने पर उसे वह कहीं पर भी न दिखाई दी। बच्चों से उनकी मां के बारे में पता करने पर उन्होंने भी दोपहर से उसे न देखने की बात कही। जिसके बाद उसने गांव और अपने रिश्तेदारों के पास उसकी पत्नी के होने को लेकर सूचना मांगी। लेकिन, कहीं पर भी वह न मिली। आखिरकार थक-हार कर उसने महिला पुलिस थाना चंबा में 11 नवंबर को पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवा दी।
आज दिन तक उसकी पत्नी का कोई भी सुराग नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि पत्नी के घर पर न होने पर अब वह बच्चों के लिए दो वक्त का खाना तैयार करें, दिहाड़ी लगाकर घर खर्च चलाए या लापता पत्नी को तलाशे। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से उसकी पत्नी को तलाश कर लाने की मांग उठाई है। साथ ही उसने एक व्यक्ति पर उसकी पत्नी को भगा कर ले जाने का आरोप जड़ा है। खैर, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि पुलिस अपने स्तर पर महिला को तलाशने में जुटी है।