चंबा। जिले में रविवार को मौसम साफ रहने से तेज धूप और उमस ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। दिनभर धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ा। हाल ही में हुई भारी बारिश से बंद पड़े संपर्क मार्गों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीमें दिनभर विभिन्न क्षेत्रों में जुटी रहीं।
जिले में भारी बारिश के कारण बंद आठ सड़कों को यातायात के लिए खोलने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। जेसीबी और अन्य मशीनरी की मदद से मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। भटियात विधानसभा क्षेत्र में 5, भरमौर में 2 और सलूणी में एक मार्ग बंद है। इससे राहगीरों और वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। विभागीय मशीनरी मार्गों को बहाल करने में जुटी है।
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि बंद सड़कों सहित अन्य प्रभावित सेवाओं को जल्द बहाल करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए हैं। जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं सामान्य करने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और प्रशासन की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील भी की। संवाद