अंतिम चरण में पहुंची जलशक्ति विभाग की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना
कई क्षेत्रों में तीसरे दिन पानी की सप्लाई होने के कारण हो रही थी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे बनीखेत क्षेत्र के लोगों के लिए राहत की खबर है। करीब 33 करोड़ रुपये से तैयार की जा रही जल शक्ति विभाग की महत्वाकांक्षी पेयजल योजना अंतिम चरण में पहुंच गई है।
विभाग ने योजना की टेस्टिंग शुरू कर दी है। सब कुछ सही रहा तो अगले सप्ताह से बनीखेत क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति शुरू हो जाएगी। बनीखेत में पिछले कई वर्षों से पानी की कमी लोगों के लिए बड़ी समस्या थी। कई क्षेत्रों में तीसरे दिन पानी की सप्लाई होने के कारण लोगों को घरेलू कामकाज सहित अन्य जरूरतों के लिए परेशानी उठानी पड़ती थी। गर्मियों के दौरान यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती थी। नई योजना के तहत पुखरी में 65 हजार लीटर क्षमता का मुख्य जल भंडारण टैंक तैयार किया गया है। इसके अलावा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों में 19 वितरण टैंक बनाए गए हैं। मुख्य टैंक से इन सभी टैंकों को जोड़ा जाएगा।
योजना को शुरू करने में हाल ही में बोंखरी मोड़ स्थित जल शक्ति विभाग के स्टोर में लगी आग के कारण देरी हुई थी। आग से ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने के चलते विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई थी। अब मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद विभाग ने टेस्टिंग शुरू कर दी है।
उधर, जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता रविंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार से योजना का परीक्षण शुरू कर दिया गया है। पाइपलाइन, टैंकों और जल वितरण व्यवस्था की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि करीब एक सप्ताह के भीतर टेस्टिंग पूरी कर नियमित आपूर्ति शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।