बोले- हर माह होती है देरी, कैसे चलाएं घर का खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनरों में समय पर पेंशन न मिलने से रोष है। पेंशनरों का कहना है कि सात तारीख बीत चुकी है, लेकिन अब तक पेंशन उनके खातों में नहीं आई है। इस कारण पेंशनरों को इलाज, दवाई और घर का खर्च चलाने में परेशानी हो रही है। पेंशनरों का कहना है कि यह समस्या हर महीने दोहराई जाती है। कभी 10 तारीख के बाद तो कभी 21 तारीख के आसपास पेंशन आती है, जिससे उन्हें वित्तीय संकट से गुजरना पड़ता है।
पेंशनरों में कुलदीप कुमार, अशोक कुमार, प्रीतम चंद ने कहा कि सरकार और विभाग समय पर वेतन और भत्ते तो निकाल लेता है, लेकिन पेंशन के मामले में गंभीरता नहीं दिखाई जाती। उन्होंने मांग की है कि उन्हें समय पर पेंशन उपलब्ध करवाई जाए, ताकि वे अपनी बुनियादी जरूरतें बिना किसी रुकावट के पूरी कर सकें।