चंबा डिपो की वर्कशॉप में धक्का लगाकर बस को स्टार्ट करते कर्मचारी:
चंबा। चंबा-पनेला रूट पर चलने वाली एचआरटीसी बस वर्कशॉप में ही जवाब दे गई। बस इतनी खराब हालत में थी कि वह स्टार्ट तक नहीं हो पा रही थी।
बारिश के बीच कर्मचारियों ने बस को धक्का लगाकर स्टार्ट करने की कोशिश शुरू की। भीगते हुए फिसलन भरे हालात में काफी देर तक मशक्कत करने के बाद आखिरकार बस स्टार्ट हुई। इसके बाद उसी हालत में बस को रूट पर भेज दिया गया।
यात्रियों ने बताया कि जिस बस को वर्कशॉप में ही ठीक नहीं किया जा सका, उसे सड़कों पर दौड़ाना कितना सुरक्षित है। यात्रियों में इसको लेकर नाराजगी है। उन्होंने कहा कि आए दिन बसों में खराबी सामने आती है लेकिन सुधार के नाम पर कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। धक्का लगाकर बसों को रूट पर भेजा जा रहा है। ये आधे रास्ते की हांफ जाती हैं। यात्रियों ने मांग की है कि बसों की सही से मरम्मत करने के बाद ही रूट पर भेजा जाए। जो बस वर्कशॉप में स्टार्ट नहीं हो पा रही थी अगर रास्ते में खराब होती या कुछ अनहोनी होती तो इसका जिम्मेदार कौन होता। यात्रियों को ही परेशानी झेलनी पड़ती है। वहीं, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि बसों की मरम्मत कर ही रूट पर भेजा जाता है। संवाद