चंंबा। जम्मुहार से चंबा के लिए निकली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस सेवा सोमवार को बस स्टैंड से चार किलोमीटर दूर चामुंड़ा माता मंदिर के पास खराब हो गई। ऐसे में 30 सवारियों को पैदल ही जिला मुख्यालय तक आना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बस चामुंडा मंदिर के पास सोमवार सुबह करीब 10 बजे खराब हुई। मौके पर यात्री प्रियंका शर्मा, अंजली ठाकुर, प्रिया कुमारी, कीर्ति ठाकुर, शालिनी, राहुल, संयज कुमार और अमन ने बताया कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ। सप्ताह के चार दिन में यह बस खराब ही रहती है। शाम के समय ज्यादा दिक्कतें होती हैं, जब बस आधे रास्ते तक ही पहुंचाती और आगे का सफर उन्हें पैदल अंधेरे में ही करना पड़ता है।
जंगल के रास्ते में जंगली जानवरों का भी भय रहता है। उन्होंने कहा कि इस रूट पर पुरानी और खराब हालत की बसें भेजी जा रही हैं, जिससे आए दिन इस तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं। यात्रियों ने परिवहन निगम से बस की सही से मरम्मत करने की मांग की है। उधर, एचआरटीसी चंबा डिपो के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि ठंड के कारण बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। मेकेनिक द्वारा बस को दुरुस्त करके रूट पर भेज दिया गया है।