बनीखेत (चंबा)। जिला स्तरीय आषाढ़ नाग मेले के दौरान खेल प्रतियोगिताओं में अंडर-19 वर्ग के दो रोमांचक मुकाबले खेले गए। लड़कों के वर्ग में एचपीसीए बनीखेत ने डीएवी कॉलेज बनीखेत को हराया।
लड़कियों में केवी चमेरा ने एचपीसीए गर्ल्स टीम को सात विकेट से पराजित किया। पहले मुकाबले में एचपीसीए बनीखेत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित 20 ओवरों में 204 रन बनाए। हिमांशु ने 60 रन की पारी खेली। ईशांत ने 46 और नवल ने 32 रन का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीएवी कॉलेज बनीखेत की टीम 133 रन पर ऑलआउट हो गई। आयुष ने 30 और तनिष्क ने 23 रन बनाए। ईशांत ने तीन विकेट और जतिन ने दो विकेट हासिल किए। एचपीसीए बनीखेत ने मुकाबला 71 रन से अपने नाम कर लिया।
दूसरे मुकाबले में एचपीसीए गर्ल्स अंडर-19 टीम ने पहले बल्लेबाजी कर 123 रन बनाए। दीपिका ने सर्वाधिक 31 रन बनाए। केवी चमेरा से वंश ने चार विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी केवी चमेरा की टीम ने 13 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और सात विकेट से जीत दर्ज की। साहिल ने नाबाद 62 रन की पारी खेली। एचपीसीए गर्ल्स से अनन्या ने दो विकेट हासिल किए।