साच-किलाड़ मार्ग पर दो घंटे तक थमी रही वाहनों की रफ्तार, सड़क के दोनों ओर लगीं कतारें
प्रशासनिक टीम के हस्तक्षेप और ग्रामीणों से बातचीत के बाद सुबह 10:30 बजे बहाल हुआ यातायात
सड़क के किनारे पत्थरों का ढेर बना परेशानी, निर्माण सामग्री रखने वालों को जारी किए जाएंगे नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। साच-किलाड़ मार्ग पर साच बाजार में बुधवार सुबह एचआरटीसी की बस की चपेट में आने से एक मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इससे करीब दो घंटे तक वाहनों की आवाजाही ठप रही।
दोनों ओर वाहनों की कतारें लगने से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासनिक टीम के हस्तक्षेप और ग्रामीणों से बातचीत के बाद सुबह करीब 10:30 बजे यातायात बहाल हो सका।
लोगों के अनुसार बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे 37 सवारियों को लेकर किलाड़ जा रही एचआरटीसी की बस साच बाजार में एक मकान के पास से गुजर रही थी। इस दौरान बस की चपेट में आने से मकान की छत उखड़ गई। इसके बाद मकान मालिक सहित अन्य ग्रामीणों ने मौके पर प्रशासन को बुलाने की मांग करते हुए जाम लगा दिया। इससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही रुक गई।
बस चालक के अनुसार सड़क के दूसरे छोर पर पत्थरों का ढेर लगा होने के कारण बस निकालने के लिए पर्याप्त जगह नहीं थी। इसी दौरान मकान की छत क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने पर तहसीलदार संदीप कुमार ने नायब तहसीलदार की अगुवाई में टीम मौके पर भेजी। टीम ने ग्रामीणों और एचआरटीसी प्रबंधन से बातचीत कर मामला सुलझाया। इसके बाद बस को आगे जाने दिया गया और यातायात बहाल हुआ।
सड़क पर निर्माण सामग्री रखने वालों पर होगी कार्रवाई
तहसीलदार पांगी संदीप कुमार ने बताया कि सड़क किनारे कई जगह वाहन अव्यवस्थित ढंग से खड़े किए जाते हैं। इसके अलावा निर्माण सामग्री भी सड़क पर रखी जा रही है। इस संबंध में जल्द सार्वजनिक नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बाद भी नियमों की अनदेखी करने वालों पर जुर्माना लगाने सहित नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उधर, कार्यवाहक अड्डा प्रभारी गुड्डू राम ने बताया कि साच बाजार में सड़क तंग है। बस के झुकने से मकान की छत को नुकसान पहुंचा। दोनों पक्षों की आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया।