पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी की कुमार पंचायत में आग लगने से दो मंजिला मकान जल गया है। मकान के साथ घर में रखा सामान भी राख हो गया है। अग्निकांड से सर्दी के इस मौसम में परिवार बेघर हो गया है। अग्निकांड में लाखों का नुकसान बताया जा रहा है। मकान में आग लगता देख स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास किए। लेकिन तब तक आग पूरी तरह से मकान में फैल चुकी थी।
अग्निकांड से मकान में रखा सामान और राशन भी जल गया हैै। जानकारी के अनुसार यह मकान प्रभावित भगवान दास पुत्र मोती राम गांव रोगा ग्राम पंचायत कुमार के का है। देर शाम परिवार के सभी सदस्य घर में थे।
इसी दौरान अचानक निचली मंजिल में आग लग गई। मकान में आग लगता देख सभी सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद सिलिंडर में आग लगने से पूरे मकान में फैल गई और लपटें उठने लगी। इसे देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों ने आग बुझाने के प्रयास शुरू किए। लेकिन आग ने मकान को पूरी तरह से घेर लिया। इस कारण ग्रामीणों के प्रयास नाकाफी साबित हुए। वहीं, दूसरी तरफ प्रशासन की ओर से प्रभावितों को अस्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
आग लगने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। दूसरी तरफ प्रशासन की तरफ से प्रभावित परिवार को दस हजार की फौरी राहत प्रदान की गई है। इसके साथ ही अग्निकांड से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। नुकसान की रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
आवासीय आयुक्त पांगी सुखदेव सिंह राणा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने कहा कि मौके पर विभागीय टीम को भेज दिया है। नुकसान के आकंलन के बाद प्रभावितों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा।
तहसीलदार प्रवीण शर्मा का कहना है कि प्रभावित परिवार को दस हजार रुपये फौरी राहत जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि हादसे में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।