पर्यटन विभाग के खजियार स्थित होटल देवदार के सीवरेज टैंक की गंदगी सड़क पर बह रही है। जिसके कारण वहां से गुजरने वाले राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीवरेज टैंक की पिछले बीस सालों से रिपेयर नहीं हो पाई है। जिसके कारण टैंक की हालत काफी खस्ता हो चुकी है।
इसके अलावा टैंक की सफाई किये हुए भी बीस वर्ष बीत चुके हैं। स्थानीय निवासी अनिल कुमार, सोनू, अशोक, सुभाष कुमार, अजय कुमार, मनोज कुमार, प्यार सिंह, चतर सिंह और टेक चंद ने बताया कि होटल देवदार का सीवरेज टैैंक सड़क किनारे बना हुुआ है। जिसकी सारी गंदगी सड़क पर बह रही है। उन्होंने सड़क में बह रही गंदगी के बीच पैदल चलने वाले राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। समय रहते सीवरेज टैंक का समाधान नहीं किया गया तो इसकी गंदगी की चपेट में आने से लोगों को बीमारी भी हो सकती है।
उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि खजियार स्थित होटल देवदार के सीवरेज टैंक को सड़क किनारे से हटाया जाए ताकि सड़क से गुजरने वाले राहगीरों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े। उधर, एजीएम सुनील कौल ने बताया कि जल्द ही देवदार होटल के सीवरेज टैंक को सड़क किनारे से हटा दिया जाएगा ताकि राहगीरों को किसी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।