चंबा में होली का कार्यक्रम परंपरागत तरीके से मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन नगर परिषद चंबा द्वारा किया जाएगा।
इसके लिए नप ने अपनी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। नप अध्यक्ष नीलम नैय्यर ने बताया कि चंबा में इस वर्ष होली का कार्यक्रम परंपरागत तरीके से चंबा चौगान में होगा। इस दौरान कई लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण परंपरागत मुसाधा गायन रहेगा।
उन्होंने कहा कि चंबा में चालीस वर्ष पूर्व चौगान में ऐसे ही होली का कार्यक्रम मनाया जाता था। पुरानी परंपरा को जिंदा रखने के लिए नप दोबारा से चौगान में परंपरागत तरीके से होली का कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि होली कार्यक्रम के दौरान चंबा चौगान को एक दिन के लिए खोला जाएगा ताकि चंबा वासी चंबा चौगान में पारंपरिक तरीके से होली का आनंद उठा सकें। उन्होंने कहा कि होली कार्यक्रम में नप द्वारा प्रशासनिक अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया। इसके अलावा स्थानीय लोग भी इस होली कार्यक्रम में हिस्सा ले पाएंगे।