हिमगिरी (चंबा)। हिमगिरी क्षेत्र में बीती रात हुई झमाझम बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों को राहत मिली है।
किसानों का कहना है कि समय पर हुई यह बारिश मक्की की बिजाई के लिए लाभकारी साबित होगी। बारिश के बाद खेतों में पर्याप्त नमी पहुंचने से खेती-किसानी के कार्यों में तेजी आने की उम्मीद बढ़ गई है।
ग्रामीण मीर चंद, भगत राम, टेक चंद, तिलक राज और हेम राज ने बताया कि बारिश होने से किसानों को राहत मिली है। पिछले कुछ समय से बारिश नहीं होने के कारण खेत सूखे पड़े थे। अब मौसम अनुकूल होने से फसलों के लिए बेहतर माहौल बना है। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि यदि आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह मेहरबान रहा तो इस बार अच्छी पैदावार होगी। बारिश से क्षेत्र में गर्मी से भी राहत मिली है और किसानों ने इसे खेती के लिए शुभ संकेत बताया है। संवाद