भटियात क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्र गोला में दबिश के दौरान खंड चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य कार्यकर्ता को स्वास्थ्य केंद्र से नदारद पाया। जिस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य कार्यकर्ता को निलंबित कर दिया गया है और उसके वेतन पर रोक लगा दी है।
जांच पूरी होने तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता को बीएमओ कार्यालय समोट में ड्यूटी देनी होगी। बुधवार को क्षेत्र के किसी व्यक्ति ने खंड चिकित्सा अधिकारी से शिकायत की थी कि स्वास्थ्य केंद्र गोला में स्वास्थ्य कार्यकर्ता द्वारा मदहोशी हालत में ड्यूटी की जा रही है। जिसके कारण अस्पताल में उपचार करवाने आए मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। शिकायत पर बीएमओ भटियात संजय भारद्वाज ने पुलिस के साथ मौके पर जाकर देखा तो स्वास्थ्य कार्यकर्ता वहां से रफूचक्कर हो चुका था। स्वास्थ्य केंद्र में उपचार करवाने आए लोगों ने बीएमओ से स्वास्थ्य कार्यकर्ता के खिलाफ शिकायत व आरोप लगाया कि स्वास्थ्य कार्यकर्ता शराब पीकर ड्यूटी पर आया हुआ था। जिससे मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
मरीजों ने बताया कि उक्त स्वास्थ्य कार्यकर्ता पहली बार ड्यूटी पर शराब पीकर नहीं आया है। इससे पहले भी कई बार वह शराब पीकर ड्यूटी कर चुका है। लेकिन अभी तक उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई। जिसके कारण उपरोक्त कर्मचारी के हौसले बुलंद हो गए। जिसका खामियाजा स्वास्थ्य केंद्र में इलाज करवाने आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ता है। कई बार लोग उसकी शिकायत कर चुके हैं।
आरोप सही पाए गए तो कार्रवाई करेंगे : बीएमओ
बीएमओ भटियात संजय भारद्वाज ने बताया कि हेल्थ वर्कर के वेतन पर रोक लगा दी गई है। साथ ही उसे बीएमओ कार्यालय में तलब होने के निर्देश जारी किए हैं। मामले की जांच चल रही है, आरोप साबित होने पर स्वास्थ्य कार्यकर्ता के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।