लाहल उपस्वास्थ्य केंद्र का वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने विधिवत रूप से लोकार्पण किया।
- फोटो : अमर उजाला
जनजातीय क्षेत्र भरमौर की खणी पंचायत में लाहल उपस्वास्थ्य केंद्र का वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने विधिवत रूप से लोकार्पण किया।
इस भवन को बीएसएनएल ने रिकॉर्ड समय छह माह में तीस लाख रुपये की लागत से तैयार किया है। इससे पूर्व वनमंत्री ने लाहल से बगडू तीन किलोमीटर मोटर योग्य सड़क व बुढल नाला पर बनने वाले बगडू पुल की भी आधारशिला रखी। इस संपर्क मार्ग और पुल पर दो करोड़ चौबीस लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। तय समय सीमा पंद्रह जून 2017 तक इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा।
लाहल में लोगों को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों का एक समान विकास करने पर विशेष ध्यान दे रही है। लोगों को सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं घर-द्वार पर मुहैया करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
वन मंत्री ने इस मौके पर घोषणा की है कि पठानकोट-भरमौर एनएच के निर्माण से प्रभावित भूमि मालिकों को चार गुणा जमीन का मुआवजा प्रदान किया जाएगा। वन मंत्री ने केंद्र सरकार के नोटबंदी कार्य की निंदा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने देश में आपात जैसे हालात पैदा कर दिए हैं।
आम लोगों को अपनी दैनिक जरूरतें पूरी करने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस अवसर पर मंत्री ने लोगों की समस्याओं को सुनकर अधिकारियों को तुंरत निदान के निर्देश भी दिए। लाहल में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव और जिला परिषद अमित भरमौरी ने भी अपने विचार रखते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों के बारे में लोगों को बताया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ कांग्रेस के सक्रिय कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज करवाई।