आग से झुलसा व्यकि्त अस्पताल में।
- फोटो : अमर उजाला
कूंर में भीषण अग्निकांड का शिकार हुए छह लोगों में से दो की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा रेफर कर दिया है। ये सभी रविवार शाम करीब सात बजे आग बुझाते हुए झुलस गए थे। जिस समय लोग आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे, अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। धमाके के साथ सभी घायल घर की छत से इधर-उधर जा गिरे।
सभी घायलों को देर रात क्षेत्रीय अस्पताल चंबा लाया गया। इनमें से चार का उपचार चंबा में ही चल रहा है। गौरतलब है कि कूंर में देर शाम अचानक आग लग गई थी। इस आग ने कुछ ही देर में करीब आधा दर्जन घरों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते पूरा गांव भयानक आग की चपेट में आ गया।
इस भीषण हादसे में 14 परिवार प्रभावित हुए हैं। जबकि लाखों रुपये की संपदा के साथ दो मवेशी भी आग में जलकर मर गए हैं। आग बुझाने के लिए गांव के लोग पूरी रात जुटे रहे। जिस जगह आग लगी वहां कई घर आपस में जुड़े हुए थे। ज्यादातर घर पुरानी शैली के बने हैं और लकड़ी के इस्तेमाल की वजह से इनके नष्ट होने की संभावना बढ़ गई थी। देर शाम करीब सवा आठ बजे लोगों ने अग्निशमन विभाग को हादसे की सूचना दी। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम पूरी रात आग बुझाने के लिए मशक्कत करती रही।
अग्निशमन विभाग के कर्मचारी सुबह पांच बजे हादसा स्थल से वापस लौटे हैं। अग्निशमन प्रभारी कैलाशो राम ने बताया कि विभाग की टीम पूरी रात लोगों के साथ आग बुझाने में डटी रही। हालांकि आग पर करीब दो घंटे में काबू पा लिया गया था। लेकिन कई घरों में सिलेंडर रखे थे या छिटपुट आग लगी थी। उसे भी पूरी तरह से बुझाया गया है। उधर, अग्निशमन विभाग प्रभारी कैलाशो राम ने बताया कि आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। जिसके चलते अभी तक आग लगने के सही कारण का खुलासा नहीं हो पाया है।
अग्निकांड में झुलसे दो व्यक्ति टांडा रेफर
कूंर में अग्निकांड से पीड़ित अंग्रेजो पुत्र देवी चंद, राम शरण पुत्र धनिया राम, रीछा देवी पत्नी रोशन, संजीव पुत्र गिरधा राम, वेद प्रकाश पुत्र हीरू राम व देस राज पुत्र चतरो राम आग को बुझाते समय झुलस गए हैं। इन सभी को देर रात क्षेत्रीय अस्पताल चंबा लाया गया था। यहां से अंग्रेजो व राम शरण की गंभीर हालत को देखते हुए उसे टांडा रेफर कर दिया है। अन्य का उपचार चंबा अस्पताल में ही चल रहा है। एसएमओ जीवानंद चौहान ने इसकी पुष्टि की है।