चंबा से मणिमहेश के लिए रवाना होता भद्रवाह से आया श्रधालुओं का जत्था।
भरमौर (चंबा)। पवित्र मणिमेहश यात्रा के लिए छोटा न्हौण (कृष्ण जन्माष्टमी) के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें अपने-अपने शिविरों के लिए रवाना हो गई हैं। 12 सितंबर तक ये टीमें अपनी ड्यूटी पर तैनात रहेंगी जहां पर श्रद्धालुओं का स्वास्थ्य खराब होने पर इलाज किया जाएगा। बुधवार को टीमें अपने-अपने पड़ावों के लिए रवाना हो गईं जबकि वीरवार से ये टीमें वहां कार्य करना आरंभ कर देंगी। पवित्र मणिमेहश यात्रा के दौरान स्वास्थ्य विभाग अलग-अलग पड़ावों पर आठ स्वास्थ्य जांच शिविर लगाता है। इनमें डल झील, गौरीकुंड, सुंदरासी, धनछौह, हड़सर, भरमाणी, जैलखड्ड और दुर्गठी पड़ाव शामिल हैं। डल झील, गौरीकुंड, सुंदरासी, धनछौह व हड़सर के शिविरों में एक-एक डाॅक्टर के साथ एक फार्मासिस्ट और एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी साथ रहेगा। जबकि, भरमाणी, जैलखड्ड व दुर्गठी में फार्मसिस्ट व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सेवाएं देंगे।
खंड चिकित्सा अधिकारी भरमौर डॉ. शुभम भंडारी ने बताया कि जरूरत की सभी दवाइयां शिविरों में भेज दी गई हैं। हड़सर से डल झील तक लगने वाले शिविरों में पांच-पांच दिन की ड्यूटी रहेगी जबकि दूसरे शिविरों में 15 दिन की ड्यूटी रहेगी।