चंबा। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर चपरासी और फार्मासिस्ट के सहारे चला हुआ है। ग्रामीणों ने 15 दिन में स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नियुक्त न करने पर केंद्र में ताला जड़ने की चेतावनी दी है। क्योंकि स्वास्थ्य केंद्र में तैनात महिला चिकित्सक लंबी छुट्टी पर हैं, लेकिन विभाग की ओर से स्वास्थ्य केंद्र में अभी तक अन्य चिकित्सक की तैनाती नहीं की गई है। इस कारण पांच पंचायतों के लोगों को अपनी छोटी से छोटी बीमारी का उपचार करवाने के लिए चंबा या किहार जाना पड़ रहा है। रविवार को डियुर पंचायत के लोगों ने एक आम सभा का आयोजन किया। इसमें ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर न होने को लेकर गहरा रोष प्रकट किया। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को चेतावनी दी है कि 15 दिन के भीतर उपरोक्त स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर नहीं आता है तो केंद्र में ताला जड़ दिया जाएगा। साथ ही ग्रामीण अपने मवेशियों को स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बांध देंगे। इतना ही नहीं स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर की तैनाती को लेकर ग्रामीण सड़कों पर प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
आम सभा की अध्यक्षता कर रहे रमेश चंद ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर पांच पंचायतों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करता है, लेकिन महिला चिकित्सक विभागीय अनुमति से लंबी छुट्टी पर हैं। इस कारण ग्राम पंचायत डियुर, भडेला, खडजौता, लनोट, पिछला डियुर, कंधवारा और डांड के लोगों को स्वास्थ्य सेवा के लिए तीस किमी किहार या 70 किमी दूर चंबा जाना पड़ रहा है। इसकी वजह से ग्रामीण काफी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि समस्त ग्रामीणों ने निर्णय लिया है कि स्वास्थ्य केंद्र में जल्द डॉक्टर न भेजा गया तो स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लगाया जाएगा। इस मौके पर परस राम, सीता, भगत राम, अक्षय कुमार, घिंद्र सिंह, प्रेम लाल, चतरो, जय राम, पान चंद, नरेश कुमार, धर्मेंद्र कुमार, कमलेश, खेमराज, सोभिया राम, टेक चंद व दुनी चंद मौजूद रहे।
डेपुटेशन पर भेजा जाएगा चिकित्सक
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि उपरोक्त स्वास्थ्य केंद्र में तैनात डॉक्टर के छुट्टी पर जाने के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। अगर डॉक्टर छुट्टी पर गई हैं तो उसके आने तक दूसरे स्वास्थ्य केंद्र से डॉक्टर को डेपुटेशन पर डियूर भेजा जाएगा, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।