भरमौर(चंबा)। मणिमहेश यात्रा के दौरान 8 चिकित्सकों सहित 30 के करीब फार्मासिस्ट और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विभिन्न पड़ावों पर शिवभक्तों को स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए तैनात रहेंगे। दुर्गेठी से लेकर डल झील तक नौ स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। जाल खंड में भी एक स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। स्वास्थ्य शिविरों में स्टाफ 17 अगस्त से लेकर आठ सितंबर तक सेवाएं देगा। कुल मिला कर प्रशासन ने समय से पूर्व मणिमहेश यात्रा पर आने वाले शिवभक्तों की बढ़ती तादात को देखते हुए ही इस प्रकार की निर्णय लिया है। इसी क्रम में शुक्रवार को भरमौर से डल झील तक अपनी ड्यूटी देने के लिए चिकित्सीय व अन्य स्टाफ कूच कर गया। शनिवार से स्वास्थ्य शिविरों में स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी।
गौरतलब हो कि लाखों की संख्या में शिवभक्त मणिमहेश पहुंच कर पवित्र डल में डुबकी लगा पुण्य के भागी बनते हैं। इस मर्तबा प्रशासनिक तौर पर 24 अगस्त से आरंभ होने वाली मणिमहेश यात्रा पर शिवभक्तों का आवागमन जून माह से चला हुआ है। आलम, ये है कि रोजाना 800 से 1000 के करीब श्रद्धालु भरमौर से पवित्र डल की तरफ कूच कर रहे हैं।
खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंकित शर्मा ने बताया कि दुर्गेठी, भरमौर, भरमाणी, पट्टी, हड़सर, धनछौह, सुंदरासी, गौरीकुंड, डल झील व होली की तरफ से मणिमहेश आने वालों के लिए जाल खंड में भी स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है। यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधित परेशानी न हो इस के लिए 17 अगस्त से लेकर 8 सितंबर तक चार शिफ्टों में चिकित्सकों समेत स्टाफ सेवाएं देगा।