चंबा। जिले के युवाओं को नशे की लत लगवा कर मोटी कमाई करने वाला चिट्टा सप्लायर पुलिस टीम ने पंजाब के अमृतसर से धर-दबोचा है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूला है कि वह पंजाब से चंबा में लाखों रुपये के चिट्टा की सप्लाई कर चुका है। आरोपी की पहचान पवन भट्टी निवासी शेरा वाली गली नंबर 2, अमृतसर के रूप में हुई है।
22 नवंबर को पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शहर के साथ लगते सुल्तानपुर मोहल्ले में मां-बेटा और बेटी से 20.65 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल फोन, क्यूआर कोड, इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की थी। उसी दिन से पुलिस ने इस मामले में तकनीकी साक्ष्यों पर जांच तेज कर दी थी।
कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और डिजिटल भुगतान के विश्लेषण से यह साफ हो गया था कि चिट्टा तस्करी स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं थी। इसके पीछे संगठित सप्लाई चेन और बाहरी सप्लायर सक्रिय थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस नेटवर्क में चंबा के स्थानीय युवक भी सप्लाई चेन की अहम कड़ी बने हुए थे। इसके चलते पुलिस अब तक करीब 30 युवकों से पूछताछ कर चुकी है। इसके अलावा नाै युवकों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। वहीं, आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। सुल्तानपुर चिट्टा तस्करी मामले में मुख्य सप्लायर को अमृतसर से गिरफ्तार कर लिया गया है। लेन-देन से जुड़े अहम साक्ष्य जुटाए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने बताया कि चिट्टा तस्करी का मुख्य सरगना पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में जिले में लाखों का चिट्टा बेचने की बात भी सामने आई है। इस मामले में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।