चंबा। ‘अपना विद्यालय’ मुहिम के अंतर्गत विभागीय अधिकारी अब स्कूलों में पहुंच विद्यार्थियों को उनके भविष्य के लिए प्रोत्साहित करने समेत उन्हें विभागीय योजनाओं की जानकारी भी मुहैया करवा रहे हैं। इसी क्रम में बागवानी विभाग के उप निदेशक डॉ. प्रमोद शाह राजकीय माध्यमिक पाठशाला धड़ोग पहुंचे। बागवानी विभाग के उपनिदेशक ने कहा कि अच्छे परिणाम के लिए कड़ी मेहनत ही एकमात्र मूलमंत्र है। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों संग प्रेरक सत्र के दौरान पढ़ाई में रूचि रखने को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को रोजाना कुछ नया सीखने की कोशिश करने के लिए तैयार रहना चाहिए, जिससे वे प्रति दिन जीवन में नया हासिल करने के लिए प्रेरित रहें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए अभी से ही तैयारियां आरंभ करने को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने छात्रों को मधुमक्खी पालन के बारे में भी जानकारी दी।