जनजातीय क्षेत्र भरमौर में शुक्रवार देरशाम हुई ओलावृष्टि के बाद खेतों में बिछी सफेद चादर। संवाद
भरमौर (चंबा)। जिले में सबसे बढ़िया किस्म का सेब तैयार करने वाले जनजातीय क्षेत्र भरमौर की उंलासा पंचायत में ओलावृष्टि ने सेब की फसल को बर्बाद कर दिया। शुक्रवार शाम तीन बजे आसमान से ओलावृष्टि आफत बनकर बरसी। पंचायत में ओलावृष्टि इतनी देर तक होती रही कि देखते ही देखते खेत खलिहान और सेब के बगीचे सफेद हो गए। इन्हें देखकर यही लग रहा था कि मानों यहां हाल ही में ताजा बर्फबारी हुई हो।
बर्फ के ओलों ने सेब को दागी कर दिया। इससे बागवानों को आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि जहां साफ सेबों के लिए उलांसा के बागवानों को मुंह मांगे दाम मिलते थे वहीं अब दागी सेब मिलने पर बागवानों को उचित दाम नहीं मिल पाएंगे। जिले में पिछले कुछ दिन से ओलावृष्टि का कहर बढ़ता जा रहा है। इससे पहले चुराह के चांजू और सलूणी के ऊपरी इलाकों में सेब की फसल को ओलावृष्टि से नुकसान पहुंचा था। अब भरमौर में ओलावृष्टि ने कहर बरपाया है।