भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में सरकारी कार्यालय भी बिजली बोर्ड को चूना लगा रहे हैं। इन कार्यालयों की ओर से नियमित रूप से बिजली के बिल जमा नहीं करवाए जा रहे हैं। इन सरकारी कार्यालय पर बिजली बिल की 25.38 लाख रुपये की बकाया राशि लंबित है। इन सरकारी विभागों में वन विभाग, जल शक्ति, लोक निर्माण, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय शामिल हैं। बोर्ड की ओर से इन विभागों को नोटिस जारी किए गए है।
वहीं, दूसरी तरफ बिजली बिल न देने वाले सरकारी कार्यालयों के अलावा घरेलू और व्यावसायिक उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने की तैयारी बिजली बोर्ड कर रहा है। बीते दिनों बिल जमा न करवाने पर भरमौर स्थित प्रारंभिक शिक्षा विभाग के कार्यालय की बिजली काटी थी। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद दोबारा बिजली आपूर्ति बहाल की गई है। बोर्ड की ओर से समस्त उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं और बिजली बिल जमा करवाने बारे कहा गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि जो उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाएंगे, उनके कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे।
87.18 लाख रुपये की राशि फंसी
विद्युत उपमंडल भरमौर में बिजली बिल की 87.18 लाख रुपये की राशि लंबित है। इनमें घरेलू उपभोक्ताओं से 25 लाख रुपये, सरकारी विभागों से 25.38 और व्यावसायिक उपभोक्ताओं से 17.58 रुपये के बिल लेना बाकी है।
बोर्ड की ओर से बिजली बिल की राशि को रिकवर करने के आदेश दिए हैं। उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर दिए हैं, जो उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाएंगे, उनके बिजली कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
तेज सिंह, सहायक अभियंता, बिजली बोर्ड