बनीखेत (चंबा)। राष्ट्रीय राजमार्ग 154-ए पर बैली के समीप तीखे मोड़ पर कई दिनों से खड़ी परिवहन निगम की खराब बस को सड़क से हटा लिया गया है।
अमर उजाला में संवाद न्यूज एजेंसी की खबर प्रकाशित होने के बाद निगम प्रबंधन हरकत में आया और बस की मरम्मत करवा दी गई। अब इसे दोबारा रूट पर भेज दिया जाएगा।
स्थानीय लोगों में राज कुमार, अमित कुमार, सुनील कुमार, देव राज और रोशन लाल ने बताया कि बस के तीखे मोड़ पर खड़े रहने से सड़क संकरी हो गई थी। इससे वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। कई बार दुर्घटना की आशंका भी बनी रही। क्षेत्र के लोगों ने बस को जल्द हटाने की मांग की थी। निगम की टीम मौके पर पहुंची और बस को सड़क से हटाकर यातायात को सामान्य कर दिया। इसके बाद बस की मरम्मत करवाकर इसे ले जाया गया। उधर, डीडीएम शुगल सिंह ने बताया कि बस की मरम्मत करवा दी गई है। अब इसे रूट पर भी भेजा जाएगा।