शहर में लावारिस मवेशियों की जमावड़ा, राहगीर परेशान
दावे करने के अलावा कोई कार्रवाई नहीं कर पाई नगर परिष्ज्ञद
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के प्रवेश द्वार पर लावारिस पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है। हैरानी की बात है कि इस मार्ग पर काफी ट्रैफिक रहती है। लावारिस पशु राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। बुधवार को भी इसी तरह का मामला सामने आया। एक तरफ से गाड़ी आई तो दूसरी तरफ सड़क पर बैठे पशु खड़े हो गए। महिला ने किसी तरह अपनी जान बचाई। उधर, नगर परिषद लावारिस पशुओं को शहर से खदेड़ने के दावे तो करती है, मगर होता कुछ नहीं।
सविता देवी, रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, अमिता कुमारी, रिंकी देवी, अमित कुमार, राकेश कुमार, पवन कुमार, सुनील कुमार और वीरेंद्र कुमार ने कहा कि भरमौर चौक के समीप लावारिस पशुओं का जमावड़ा रहता है। हालांकि, नगर परिषद के अधिकारी भी इसी मार्ग से गुजरते हैं, मगर अभी तक नगर परिषद की ओर से जहमत नहीं उठाई गई है। बहरहाल, यहां कभी भी अप्रिय घटना हो सकती है। बताया कि स्कूली विद्यार्थी भी यहीं से शहर के लिए आवाजाही करते हैं। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि लावारिस पशुओं को शहर से खदेड़ा जाए और उन्हें संरक्षण प्रदान किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। उधर, नगर परिषद चंबा की अध्यक्ष नीलम नैय्यर का कहना है कि यह मामला ध्यान में है। कहा कि जल्द ही टीम को भेजा जाएगा। उधर, एसडीएम चंबा अरुण शर्मा का कहना है कि इस बारे नगर परिषद को निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही उचित कार्रवाई के लिए भी कहा जाएगा।