एक माह में दो बार भेजे जा रहे कूड़े के बिल
नगर परिषद चंबा की कार्यप्रणाली पर शहरवासियों ने उठाए सवाल
दूसरी बार लोगों को दोगुना राशि के भेेजे जा रहे मैसेज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने को लेकर नगर परिषद की ओर से उठाए गए कदम शहरवासियों के लिए गले की फांस बनते जा रहे हैं। हैरत की बात है कि उपभोक्ताओं को एक माह में दो बार कूड़े के बिल जारी किए जा रहे हैं। लोगों का आरोप है कि नप चंबा की ओर से लोगों के मोबाइल नंबर पर एक के बजाय दो बार कूडा शुल्क का बिल भेजा जा रहा है। इससे वे सकते में हैं। लोगों ने बताया कि जनवरी में पहले 200 रुपये फिर 400 रुपये, फरवरी में 250 फिर 500 रुपये और मार्च में पहले 300 और फिर 600 रुपये का बिल मोबाइल पर सिटीजन सेवा के जरिये ऑनलाइन भेजे जा रहे हैं। उन्होंने नप की दोहरी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। नगर परिषद के दायरे में 11 वार्डों जनसाली, सुराड़ा, हटनाला, चौंतड़ा, सपड़ी, चौगान, कसाकड़ा, सुल्तानपुर, धड़ोग, जुलाहकड़ी और मुगला में 5500 के करीब भवन मालिक हैं जिनसे गृह कर वसूलने के साथ ही स्वच्छता शुल्क के रूप में 100 रुपये, दुकानों से 70 और होटलों से 100 रुपये कूड़ा शुल्क निर्धारित किया गया है। बावजूद इसके एक माह में दो-दो बार कूडा शुल्क का बिल मोबाइल पर भेजना समझ से परे है।
नप की ओर से मनमाने तरीके से गृहकर और कूड़ा शुल्क बढ़ाकर भेजे जा रहे हैं। इससे शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नेक चंद, शहरवासी
शहरवासियों से गृहकर या कूड़ा शुल्क के रूप में लिए जाने वाले शुल्क के बदले उन्हें सहूलियतों के नाम पर झुनझुना थमाया जा रहा है। शहर में व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतर चुकी है। -डीके सोनी, पेंशनर
कूड़ा शुल्क एक बार अदा करने का प्रावधान रहता है। बावजूद इसके नप चंबा की ओर से ऑनलाइन मोबाइल पर माह में दो-दो बार बढ़ाकर कूड़ा शुल्क के बिल भेजे जा रहे हैं जो समझ से ही परे है। -आईपी शर्मा, प्रबुद्धजन
नप चंबा लोगों की परेशानियां बढ़ा रही है। पहले अपने स्तर पर निर्धारित किए गए कूड़ा शुल्क में वृद्धि करने के बाद दो-दो बार कूड़ा शुल्क के मैसेज भेजकर उनकी परेशानी बढ़ रही है। -चैन लाल, पेंशनर
कूड़ा शुल्क दो-दो बार किस वजह से जारी हुए हैं, इसको लेकर जांच की जाएगी। साथ ही समस्या के समाधान को लेकर प्रयास किए जाएंगे। -राखी कौशल, कार्यकारी अधिकारी नप चंबा