धरवाला (चंबा)। आठ साल पहले बनाई 800 मीटर सड़क को लोक निर्माण विभाग आज तक पक्का नहीं कर पाया है। इसकी वजह से लोथल पंचायत के लोग काफी परेशान हैं। धरवाला से लोथल तक बनी सड़क पर धूल का गुबार उड़ता रहता है और साथ ही यहां गड्ढों की भरमार है। इस सड़क पर गाड़ी चलाना वाहन चालकों के लिए मुश्किल हो रहा है। कई बार ग्रामीण विभाग को सड़क पक्का करने के लिए ज्ञापन सौंप चुके हैं। लेकिन, अभी तक इस दिशा में विभाग ने कोई भी कार्रवाई अमल में नहीं लाई है। इसको लेकर लोगों में भारी रोष है। पैदल चलने वाले लोग भी मिट्टी की वजह से आवाजाही करने में दिक्कत महसूस कर रहे हैं। क्योंकि 800 मीटर का पैदल सफर तय करते समय उनके सारे कपड़े मिट्टी से गंदे हो जाते हैं।
धरवाला से लोथल गांव तक भले ही लोनिवि से सड़क तो बना दी है। लेकिन सड़क के पक्का न होने के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मुकेश कुमार स्थानीय निवासी
आठ सालों में यदि विभाग चाहता तो आसानी से इस सड़क को पक्का करवा सकता था।लेकिन लोथल गांव की समस्या का समाधान करने के लिए विभाग ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। इसके चलते लोग आज भी कच्चे मार्ग की परेशानी झेल रहे हैं। रोशन लाल स्थानीय निवासी
सरकार और प्रशासन को लोथल गांव के लोगों को पेश आ रही समस्या का समाधान करने में गंभीरता दिखानी चाहिए। ताकि आठ साल पहले बनी सड़क पक्की हो सके। लोगों को वाहनों और पैदल आवाजाही करने में सुगम सफर की सुविधा मिले। अजय ठाकुर स्थानीय निवासी।
लोथल गांव में सड़क सुविधा होने के बावजूद भी लोगों को बेहतर यातायात सुविधा नहीं मिल पा रही है। क्योंकि सड़क की जो हालत बनी हुई है। उसे देख कोई भी वाहन चालक वहां गाड़ी लेकर जाने से इंकार कर देता है। स्वरूप शर्मा स्थानीय निवासी।
लोथल सड़क को पक्का करने के लिए प्राकलन तैयार करके स्वीकृति के लिए मंडल कार्यालय भरमौर भेजा गया है। जल्द यह समस्या हल होगी।
राकेश मरोल, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग उपमंडल धरवाला