चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी और भरमौर के ऊपरी इलाकों में रविवार को ताजा बर्फबारी हुई है। इस दौरान पांगी के साचपास, कुंडा धार, चैहणी धार और चसक भटोरी में छह इंच बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। जबकि निचले क्षेेत्रों में बारिश और बर्फबारी का क्रम जारी है। इसी तरह भरमौर के मणिमहेश, धन्छौ, कुगति और काली छो में भी ताजा हिमपात हुआ है।
वहीं जिला मुख्यालय समेत अन्य क्षेत्रों में दोपहर के बाद रूक-रूक बारिश होती रही। इससे पूरे जिले में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ठंड ज्यादा होने से लोग घरों में ही दुबके रहे। रविवार को छुट्टी होने की वजह से एचआरटीसी की बसें भी रूटों पर नहीं गई। इसके चलते बारिश और बर्फबारी से कहीं पर भी बस फंसने की सूचना नहीं मिली।
मौसम विभाग की ओर से आगामी दिनों में मौसम खराब रहने का अनुमान लगाया गया है। ऐसे में बारिश और बर्फबारी भी हो सकती है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद दूर दराज के इलाकों में रहने वाले लोग घरों में राशन समेत अन्य सामान का जुगाड़ करने में लगे हैं। जिससे आगामी दिनों में बर्फबारी हो, तो उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सरकार और प्रशासन की छूट के बाद रविवार को चंबा का बाजार बेशक खुला रहा। मगर बारिश और ठंड होने की वजह से सन्नाटा ही पसरा रहा।