Four samples filled with cold and pain relief medicines
चंबा। भटियात विधानसभा क्षेत्र के हटली और द्रम्मण में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जुकाम और दर्द निवारक दवाओं के सैंपल भरे हैं। इन सैंपलों को जांच के लिए कंडाघाट स्थित प्रयोगशाला में भेजा जाएगा, जहां इनकी गुणवत्ता जांची जाएगी। रिपोर्ट आने पर विभाग आगामी कार्रवाई करेगा। केमिस्टों की दुकानों से एंटीबायोटिक, एंटासिड, एंटी डायबटिक और पेन किलर दवाइयों के चार सैंपल भरे गए हैं। साथ ही केमिस्टों को हिदायत दी गई है कि वे डॉक्टर की पर्ची के बिना किसी को दवाई न बेचें।
खासतौर पर नाबालिग बच्चों को नशीली दवाइयां देने से गुरेज करें। ऐसा करने वाले केमिस्टों का लाइसेंस रद्द हो सकता है। इसलिए सभी केमिस्टों को दवा निरीक्षक ने सख्त चेतावनी जारी कर दी है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्र में दवाई बेचने वाले केमिस्टों की दुकानों में दवाइयों के क्रय-विक्रय के पूरे रिकॉर्ड को जांचा गया। जहां कोई खामी नजर आई, उसे दुरुस्त करने के लिए केमिस्ट को आदेश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग की टीम को क्षेत्र में देखकर कई झोलाछाप वहां से रफ्फू चक्कर हो गए।
दवाइयों से संबंधित स्वास्थ्य विभाग के पास काफी शिकायतें आ रही थीं। इसके चलते शुक्रवार को दवा निरीक्षक ने अपनी टीम को साथ लेकर क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम दिया। जिला प्रशासन ने विभाग को आदेश जारी किए हैं कि कोई भी केमिस्ट बच्चों को दवाई नहीं बेचेगा। क्योंकि, कई युवा दवाइयों को नशे के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। युवा पीढ़ी को इस जहर से बचाने के लिए प्रशासन ने विभाग को केमिस्टों पर शिकंजा कसने के आदेश दिए हैं।
दवा निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि हटली और द्रम्मण में चार दवाइयों के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर की पर्ची के बिना दवाई बेचने वाले केमिस्ट के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।