संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पांच खाद्य उत्पादों के सैंपल फेल हो गए हैं। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग ने दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिए हैं। नोटिस मिलने के तीस दिनों के भीतर दुकानदारों को जवाब देना होगा। अन्यथा विभाग एकतरफा कार्रवाई भी कर सकता है।
सब स्टैंडर्ड खाद्य उत्पादों में ग्रीन चिल्ली, अरहर दाल, धुली मूूंगी, ईमली और रिफाइंड शामिल हैं। इन उत्पादों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पिछले माह चंबा शहर और आसपास के इलाकों से लिए थे।
इन्हें जांच को लेकर कंडाघाट प्रयोगशाला भेजा गया था। लैब से उत्पादों की जांच रिपोर्ट चंबा पहुंच चुकी है। इसमें पांच सैंपल फेल पाए गए हैं। जबकि सात सैंपल पास हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में आगामी कार्रवाई करते हुए दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिए हैं।
नोटिस का जवाब आने के बाद विभाग आगामी कार्रवाई को अंजाम देगा। जिले में बिकने वाले खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांचने को लेकर विभाग समय-समय पर सैंपल लेता है। इसी कड़ी में पिछले माह सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा की अगुवाई में टीम ने खाद्य पदार्थों के साथ-साथ अन्य उत्पादों के सैंपल एकत्रित किए थे।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा सविता ठाकुर ने बताया कि पिछले माह लिए गए सैंपलों में पांच खाद्य उत्पादों के सैंपल फेल पाए गए हैं। इस संबंध में दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं। दुकानदारों को तीस दिनों में जवाब देना होगा।