चंबा। चंबा में एक पुलिस जवान सहित चार लोग कोरोना पॉजिटिव आए हैं। सोमवार सुबह आई सैंपलों की रिपोर्ट मेें इसका खुलासा हुआ है। इसमें सेना जवान के दो बेटे और एक अन्य सेना जवान की पत्नी पॉजिटिव आई है।
जिले में चार कोरोना संक्रमित नए मामलों के आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बनीखेत में होम क्वारंटीन युवकों को कोविड केयर सेंटर बालू शिफ्ट किया है। वहीं, कुपाहड़ा पंचायत का रहने वाला एक पुलिस कर्मी और घोल्टी की महिला को भी स्वास्थ्य विभाग ने कोविड-केयर सेंटर बालू शिफ्ट किया है।
स्वास्थ्य विभाग अब कोरोना संक्रमित लोगों के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने में लगा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बनीखेत के आर्मी कालोनी में रहने वाले एक सेना के जवान के दो बेटे कोरोना संक्रमित आए हैं। दोनों युवक अपने पिता के संपर्क में आने से कोरोना संक्रमित हुए हैं।
उनके पिता 11 जुलाई को लेह से डयूटी करके बनीखेत लौटा था। इसके बाद वह 14 जुलाई को जम्मू चला गया। यहां पर उसके सैंपल एकत्रित किए गए। इसमें 17 जुलाई को उसके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई।
इसके बाद उसे सेना के अस्पताल में उपचार के लिए रखा है। जम्मू प्रशासन ने चंबा प्रशासन को इसकी सूचना दी। इसके बाद बनीखेत में सेना जवान के परिजनों के सैंपल एकत्रित किए गए। इसमें जवान के दोनों बेटे कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्हें सेना अस्पताल डलहौजी में शिफ्ट किया गया है।
इसके अलावा चंबा से ड्यूटी के लिए जेएंडके के डोडा में गया पुलिस जवान भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इस जवान को कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। इस जवान के साथ गए अन्य जवानों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं। घोल्टी में कुछ दिन पहले एक फौजी कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। बुधवार को उसकी पत्नी की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
स्वास्थ्य विभाग महिला के संपर्क में आए लोगों का ब्योरा भी तैयार कर रहा है। चार नए मामले आने के बाद चंबा में अब कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या 26 हो गई है। जबकि 56 लोग स्वस्थ भी हो चुके हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि चंबा में चार कोरोना के नए मामले आए हैं। इन सभी संक्रमितों को उपचार के लिए कोविड केयर केंद्रों में भर्ती किया गया है। संपर्क में आए लोगों की भी डिटेल तैयार की जा रही है।