भरमौर (चंबा)। भरमौर-हड़सर-कुगति मार्ग पर प्रंघाला नाले पर बनने वाले बैली ब्रिज का सोमवार को विधायक जिया लाल कपूर ने शिलान्यास किया। पुल के निर्माण कार्य पर दो करोड़ की धनराशि खर्च होगी। 52 मीटर लंबा पुल जुलाई माह में बनकर तैयार हो जाएगा। दो वर्ष पहले प्रंघाला नाले में बादल फटने से पुराना पुल पानी के तेज बहाव में बह गया था। उसके बाद कुगति के लोगों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही थी।
इसी समस्या का समाधान करने के लिए लोनिवि ने इस नाले पर नया पुल बनाने का प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा। सरकार ने विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान करते हुए बजट का प्रावधान किया। लोनिवि ने बजट की स्वीकृति मिलते ही पुल के निर्माण को लेकर टेंडर भी करवा दिए हैं। जल्द पुल का निर्माण कार्य शुरू हो सकता है।
सोमवार को निरीक्षण के दौरान स्थानीय विधायक जिया लाल ने लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए। लोनिवि के अधिशासी अभियंता संदीप महाजन ने बताया कि पुल के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर काम वितरित कर दिया गया है।