सकरेणा-1 में अध्यापक न पहुंचने पर स्कूल में इकट्ठा ग्रामीण।
- फोटो : Chamba
चंबा। शिक्षा खंड गैहरा के तहत राजकीय प्राथमिक पाठशाला सकरैणा-1 में तैनात जेबीटी अध्यापक स्कूल से नदारद पाया गया। इसकी सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग को दी थी। इसके बाद जिला उप शिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार ने खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी प्रेम लाल को स्कूल का निरीक्षण करने के आदेश दिए।
निरीक्षण के लिए खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी स्कूल पहुंचे। यहां जेबीटी शिक्षक नदारद पाया गया, जबकि स्कूल में मिड-डे मील वर्कर ही तैनात थीं। निरीक्षण करने पहुंची टीम ने रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है। बहरहाल, शिक्षा विभाग की ओर से जेबीटी अध्यापक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि यह शिक्षक इससे पहले भी स्कूल में अनुपस्थित पाया गया है। जानकारी के अनुसार ग्रामीणों को सूचना मिली कि यह अध्यापक स्कूल में नहीं पहुंचा है। ग्रामीणों ने इसके बारे में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक को शिकायत की। शिकायत मिलने के बाद प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने जिला उप शिक्षा अधिकारी हितेंद्र कुमार को जांच का जिम्मा सौंपा। इसके बाद खंड कार्यालय से टीम मौके पर पहुंची, जहां शिकायत सही पाई। अध्यापक स्कूल में मौजूद नहीं था।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा राजेश कौशल ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इसके बारे में सूचना मिली थी। कहा कि विभाग की ओर से जांच की जा रही है। कहा कि शिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।