चांजू, चरड़ा, देवीकोठी और सनवाल में बढ़ाई निगरानी, वन्यजीवों के निचले क्षेत्रों में आने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
तीसा/चंबा। चुराह के ऊपरी क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी के बाद वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग सतर्क हो गया है।
बर्फबारी के चलते वन्यजीवों के निचले इलाकों की ओर आने की संभावना को देखते हुए विभाग ने शिकार की आशंका वाले क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है। चांजू, चरड़ा, देवीकोठी और सनवाल सहित अन्य संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ जमने से वन्यजीवों के लिए भोजन और सुरक्षित ठिकानों की उपलब्धता प्रभावित होती है। ऐसे में उनके आबादी के नजदीक पहुंचने की संभावना रहती है। इसी स्थिति का फायदा उठाकर शिकारी अवैध गतिविधियों को अंजाम दे सकते हैं। इसे रोकने के लिए वन विभाग ने फील्ड स्टाफ को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और नियमित गश्त करने के निर्देश दिए हैं। विभाग का जोर बर्फबारी के दौरान और उसके बाद वन्यजीवों की आवाजाही पर नजर रखने के साथ अवैध शिकार की संभावनाओं को रोकने पर है।