सिहुंता (चंबा)। क्षेत्र में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान शादी की धाम का आयोजन करना आयोजक को भारी पड़ गया। देर रात नायब तहसीलदार सिहुंता की अगुवाई में पहुंची पुलिस टीम ने आयोजक को पांच हजार रुपये जुर्माना ठोका। स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
कामला पंचायत में लड़की की शादी थी। इसमें लोग भी मौजूद रहे। सूचना के बाद नायब तहसीलदार भूपेंद्र और पुलिस चौकी सिहुंता की टीम ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शादी में लोग तो कम थे। लेकिन धाम बनी देखकर टीम को अधिक लोगों के निमंत्रण का अंदेशा हुआ। इस पर तुरंत कार्रवाई करते हुए जुर्माना किया गया।
गौरतलब हैै कि जिले में कोरोना की रफ्तार दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। ऐसे में प्रशासन द्वारा शादी और अन्य समारोहों में धाम के आयोजन पर प्रतिबंध लगाया हुआ है ताकि कोरोना की चेन को तोड़ा जा सके। इसके बावजूद लोग धाम का आयोजन कर रहे हैं। इस पर अब प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। नायब तहसीलदार भूपेंद्र कुमार ने बताया कि देर रात दबिश देकर आयोजक को पांच हजार रुपये जुर्माना किया गया है। कोरोना महामारी के दौरान नियमों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी।