चंबा। ग्राम पंचायत रुलयानी के खोलपुखर गांव को प्रशासन ने सील कर दिया है। गांव में शुक्रवार को कोरोना के संक्रमित मामले सामने आए हैं। इसके चलते प्रशासन ने एहतियातन तौर पर गांव केे सील किया है। गांव में कोई भी व्यक्ति आवाजाही न करे।
इसके लिए वहां पर पुलिस की तैनाती भी की गई है। पुलिस की टीम गांव में पूरी निगरानी रखेगी। गांव में अगर कोई व्यक्ति अनावश्यक रूप से आवाजाही करता हुआ नजर आया तो उसके खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को गांव में कोरोना के सक्रिय मामले सामने आने पर जब स्वास्थ्य टीम अन्य लोगों के सैंपल लेने के लिए पहुंची तो गांव के कुछ लोगों ने स्वास्थ्य टीम के साथ दुर्व्यवहार किया। इसको लेकर स्वास्थ्य टीम ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
शिकायत मिलने पर मौके पर पुलिस टीम पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों को सख्त हिदायत दी कि वे स्वास्थ्य टीम के साथ किसी प्रकार से दुर्व्यवहार न करें। शनिवार को प्रशासन ने गांव को सील करवाया। साथ ही गांव में लोगों को अनावश्यक आवाजाही करने से परहेज करने के आदेश जारी किए। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि उपरोक्त गांव में कोरोना संक्रमण के केस आने पर गांव को प्रशासन ने सील किया है। इसके चलते वहां पर पुलिस का कड़ा पहरा लगाया गया है।