714 वर्ग मीटर में होगा निर्माण, 62 लोगों के रहने की सुविधा अक्तूबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य
पांच मंजिल के भवन में मिलेगी आधुनिक आवासीय सुविधा, कार्यस्थल के नजदीक रह सकेंगे वरिष्ठ चिकित्सक
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। मेडिकल कॉलेज चंबा के वरिष्ठ चिकित्सकों के लिए सरोल में 18 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से पांच मंजिला सीनियर रेजिडेंशियल हॉस्टल तैयार किया जा रहा है।
714 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस भवन में 62 लोगों के रहने की सुविधा होगी। भवन को अक्तूबर 2027 तक तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सरकार से अनुमति मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने निर्माण कार्य तेज कर दिया है। आधुनिक सुविधाओं से लैस इस भवन में चिकित्सकों के ठहरने के लिए आवश्यक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध होगी। इससे मेडिकल कॉलेज में सेवाएं देने वाले वरिष्ठ चिकित्सकों को कार्यस्थल के समीप रहने की सुविधा मिलेगी। साथ ही आवास की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग की ओर से भवन निर्माण की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि निर्धारित समयसीमा के भीतर काम पूरा किया जा सके। भवन तैयार होने के बाद सरोल क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा का विस्तार होगा।
लोक निर्माण विभाग चंबा के अधिशासी अभियंता कनव बड़ोत्रा ने बताया कि सीनियर रेजिडेंशियल हॉस्टल का निर्माण 18 करोड़ 38 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। भवन में 62 लोगों के रहने की व्यवस्था होगी। 714 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले भवन को अक्तूबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार से अनुमति मिलने के बाद निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है।
सदर विधायक नीरज नैय्यर ने बताया कि मेडिकल कॉलेज चंबा के वरिष्ठ चिकित्सकों के लिए सरोल में सीनियर रेजिडेंशियल हॉस्टल का निर्माण करवाया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य आगामी वर्ष पूरा करने का लक्ष्य है।