खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने शहर के ढाबों में दबिश देकर की कार्रवाई
व्यावसायिक तौर पर इस्तेमाल किए जा रहे थे सिलिंडर, चेतावनी देकर छोड़ा
करियां, मुगला और सुल्तानपुर बाजार तक विभागीय टीम ने किया औचक निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर के ढाबों में घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग करने वालों के खिलाफ खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने शिकंजा कस दिया है। टीम ने शहर के ढाबों में दबिश दी।
इस दौरान पांच ढाबा संचालक व्यावसायिक की जगह घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग करते पकड़े गए। विभागीय टीम ने इन सिलिंडरों को जब्त कर लिया है। साथ ही भविष्य में दोबारा दुकानों में घरेलू सिलिंडर का प्रयोग न करने के निर्देश भी दिए। इस दौरान दुकानों में रेट लिस्ट भी जांची गईं। साथ ही दुकानदारों को चेतावनी देकर छोड़ा गया और रेट लिस्ट लगाकर ही दुकानदारी करने की नसीहत भी दी। विभाग की इस कार्रवाई से शहर के ढाबा संचालकों और होटल कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा। इसको लेकर विभाग को लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। विभाग की टीम ने शुक्रवार को शहर में औचक निरीक्षण कर घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की। साथ ही दोबारा ऐसा न करने की भी चेतावनी दी गई है। जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने करियां बाजार में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान एक ढाबे से एक घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किया। इसके बाद टीम मुगला बाजार पहुंची। यहां दस दुकानों का निरीक्षण किया और दो दुकानों से घरेलू गैस सिलिंडर बरामद किए। इसके बाद जुलाहकड़ी बाजार से लेकर सुल्तानपुर और बालू बाजार में टीम पहुंची। यहां दो ओर सिलिंडर जब्त किए गए।
उधर, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक कर्ण ठाकुर ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान पांच घरेलू सिलिंडर जब्त किए गए हैं। घरेलू गैस सिलिंडरों का प्रयोग करने वाले दुकानदारों को नोटिस दिए जाएंगे। इसके बाद जुर्माना किया जाएगा। अगर दुकानदार जुर्माना नहीं भरते हैं तो उनके सिलिंडर स्थायी तौर पर जब्त कर लिए जाएंगे।