पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंपा शव, पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ट्रैक्टर ट्राली के नीचे आने से जान गंवाने वाले युवक का शव पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चालक शुभम कुमार रावी नदी से ट्रैक्टर में रेत लेकर आ रहा था। उदयपुर स्थित पंप हाउस के समीप पहुंचने पर अचानक आतिश ट्रैक्टर के नीचे आ गया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक ने स्थानीय लोगों को बताकर युवक को उपचार के लिए ले जाने की बात भी कही। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो युवक दम तोड़ चुका था। इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पैतृक श्मशानघाट पर उसका हिंदू रीति रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया। बताया जा रहा है कि युवक मजदूरी करता था। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि ट्रैक्टर के नीचे आने से युवक की मौत के मामले में चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।