भरमौर (चंबा)। सर्दियों का मौसम शुरू होते ही भरमौर के जंगलों में आग लगने की घटनाएं शुरू हो गई हैं। इस वजह से वन संपदा को नुकसान पहुंच रहा है। रविवार को प्रंघाला और औराफाटी के जंगलों में अचानक आग भड़की गई।
इससे उठने वाला धुआं दूर-दूर से दिखाई दे रहा था। जंगलों में आग लगाने वालों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। हालांकि जंगल में आग लगाने वालों को पकड़ने के लिए वन विभाग ने कदमताल शुरू कर दी है। विभाग ने स्थानीय लोगों से सहयोग की मांग की है। सर्दियों में जंगलों में शिकार के साथ ही जड़ी-बूटियों की तस्करी शुरू हो जाती है।
वन मंडल अधिकारी सन्नी वर्मा ने बताया कि अवैध तरीके से जड़ी बूटियों की तस्करी करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसके अलावा शिकारियों पर भी विभाग की पैनी नजर है। ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।