बनीखेत (चंबा)। त्योहारी सीजन में अब रविवार को भी बनीखेत बाजार में खुला रहेगा। उपमंडलीय प्रशासन ने व्यापार मंडल बनीखेत के पदाधिकारियों को इस संबंध में लिखित अनुमति जारी कर दी है। अनुमति पत्र के मुताबिक 15 नवंबर दिवाली तक दुकानदार रविवार को भी बाजार खोल सकेंगे, जिससे ग्रामीणों को खरीदारी के लिए किसी प्रकार की परेशानी न पेश आए। जिला प्रशासन की ओर से बाजार खोलने का मकसद कोरोना महामारी के बीच बाजार में सामाजिक दूरी को कायम रखना है। अब रविवार को भी लोग खरीदारी के लिए आ सकेंगे।
जानकारी के अनुसार आगामी दिनों में करवाचौथ पर्व है। इसको लेकर बाजार में काफी भीड़ उमड़ती है। रविवार को भी बड़ी संख्या में महिलाओं ने पहुंचकर खरीदारी की। करवाचौथ के बाद दिवाली का त्योहार भी है। ऐसे में 15 नवंबर तक कारोबारी अपनी दुकानें रविवार को भी खोल सकेंगे।
व्यापार मंडल प्रधान बिजेंद्र शर्मा, उपप्रधान ध्रुपद सिंह पठानिया, संदीप अरोड़ा, विनोद बैरी, राजू कुमार, राम सिंह, संजू शर्मा, दीपक शर्मा और राजीव अरोड़ा ने बताया कि त्योहारी सीजन में बाजार खोलने संबंधित प्रशासन ने लिखित अनुमति जारी की है।
इसके लिए उन्होंने उपमंडलीय प्रशासन का आभार जताया है। एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने बताया कि 15 नवंबर तक रविवार को भी बनीखेत बाजार में दुकानें खुली रहेंगी। त्योहारी सीजन के चलते यह विशेष अनुमति व्यापार मंडल को दी गई है।