चंबा शहर में 12 में से दस हाईड्रेंट चालू, दो रास्तों के नीचे दबे होने से हो चुके हैं बेकार
तंग गलियों में आग बुझाने के लिए हाईड्रेंट अहम, दमकल विभाग ने सुरक्षा तैयारियां तेज कीं
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। दिवाली पर अग्निकांड की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने शहर में लगे अग्निशमन हाईड्रेंट की जांच शुरू कर दी है। निरीक्षण में सामने आया कि कुल 12 हाईड्रेंट में से दस चालू हालत में हैं, जबकि दो रास्तों के नीचे दब जाने के कारण इस्तेमाल नहीं किए जा सकते।
शहर की तंग गलियों में दमकल की बड़ी गाड़ियों का पहुंचना मुश्किल होता है। ऐसे में आग लगने की स्थिति में हाईड्रेंट से पानी उपलब्ध करवाकर राहत कार्य तेज किए जा सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग त्योहार से पहले इनकी स्थिति जांच रहा है, ताकि आपात स्थिति में संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।
जिला अग्निशमन अधिकारी राकेश ठाकुर ने बताया कि दिवाली के दौरान कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द करने के निर्देश अभी उच्चाधिकारियों से प्राप्त नहीं हुए हैं। आगामी दिनों में इस संबंध में आदेश जारी हो सकते हैं। विभाग अपने स्तर पर सुरक्षा तैयारियां कर रहा है और लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि पटाखे सुरक्षित स्थान पर और सावधानी से जलाएं। ज्वलनशील सामग्री के पास आतिशबाजी न करें और आग लगने की स्थिति में तुरंत दमकल विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते नुकसान को कम किया जा सके।