चंबा। कूड़ा संयंत्र कुरांह में 16 दिनों बाद भी चिंगारी सुलगी रही है। रोजाना बुझाने के बाद भी फिर से आग सुलग रही है। ऐसे में प्लास्टिक कचरे का जहरीला धुआं लोगों की परेशानियां बढ़ रहा है। वहीं, रविवार को मौके पर आग बुझाने के लिए दमकल विभाग का वाहन नहीं पहुंचा। कुरांह क्षेत्र में धुएं से परेशान लोगों ने नगर परिषद और प्रशासन से जल्द राहत दिलाने की गुहार लगाई है।
शनिवार को जब उपायुक्त ने निरीक्षण किया तो उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि रविवार को फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने पहुंचेगी। लेकिन, रविवार को फायर ब्रिगेड का कोई वाहन नहीं पहुंचा। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले कचरे की बदबू से वे परेशान थे और अब जहरीला धुआं परेशानियों को बढ़ा रहा है। प्रेम चंद, पृथी पाल, किशन चंद, हेम राज, पवन कुमार का कहना है कि लोग अब बीमार होकर अस्पताल तक पहुंच रहे हैं। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो चुका है।