भरमौर (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र भरमौर के तहत भरमाणी माता मंदिर में श्रद्धालुओं को जातर मेले का आयोजन करना भारी पड़ गया। मेले का आयोजन करने पर पुलिस ने आयोजक को एक हजार रुपये जुर्माना किया। साथ ही जलधार मंदिर में बिना मास्क घूम रहे तीन श्रद्धालुओं के चालान भी काटे। पुलिस की इस कार्रवाई से उपमंडल के मंदिरों में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी विकास की अगुवाई में की गई।
वहीं, उपमंडलीय प्रशासन ने भी विभिन्न मंदिरों के पुजारियों को आदेशित किया है कि बिना मास्क किसी भी मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रवेश न दिया जाए।
कोरोना महामारी की रोकथाम और बचाव के लिए भरमौर प्रशासन ने बैठक में पुलिस को सख्ती करने के आदेश दिए हैं। उसके बाद पुलिस टीम भरमौर बाजार में भी निरीक्षण कर रही है। पुलिस ने समस्त दुकानदारों को भी कोरोना गाइडलाइन की अनुपालना करने के आदेश दिए हैं।
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार की ओर से पहली जुलाई से प्रदेश के समस्त मंदिर आम श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए हैं। उसके बाद कई श्रद्धालु बिना मास्क मंदिरों में प्रवेश कर नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। सरकार ने मुंडन, जातरों सहित अन्य आयोजनों पर भी रोक लगाई है। बावजूद इसके लोग मंदिरों में जातरों का आयोजन कर रहे हैं। एसडीएम मनीष सोनी का कहना है कि पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि कोरोना नियमों की अवहेलना किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।