चंबा। नगर परिषद चंबा ने शहर में अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है। नगर परिषद ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बिना अनुमति लगाए गए सभी होर्डिंग्स को तुरंत हटाया जाए, अन्यथा संबंधित व्यक्तियों पर 500 से 1000 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा।
तंबा शहर की गलियों, सड़कों, हाईवे और पेड़ों पर बिना अनुमति लगाए गए बैनर और पोस्टर नगर परिषद की नजर में हैं। नगर परिषद ने अब तक सैकड़ों अवैध होर्डिंग्स हटा दिए हैं, लेकिन कई अब भी बचे हुए हैं।
नगर परिषद के कार्यवाहक कार्यकारी अधिकारी दलीप कुमार ने कहा कि अवैध होर्डिंग्स हटाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। यदि निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो जुर्माने और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। गौरतलब है कि अवैध होर्डिंग्स न केवल चंबा की सुंदरता को बिगाड़ रहे हैं, बल्कि नगर परिषद के राजस्व को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।
होर्डिंग लगाने के लिए नगर परिषद से अनुमति लेना और टैक्स भरना आवश्यक है। मगर कई लोग नियमों को अनदेखा कर रहे हैं। अब नगर परिषद प्रशासन ने सख्त कदम उठाने का फैसला किया है, ताकि शहर की स्वच्छता और सुंदरता बनी रहे। संवाद