सदर थाना के तहत पुलिस ने एक ग्यारह वर्षीय बच्ची की टांग तोड़ने के आरोप में उसके पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। यह शिकायत बच्ची की मां के बयान के आधार पर दर्ज की गई है। आरोपी की पहचान महेंद्र कुमार निवासी तलेई पंचायत कुपाहड़ा के रूप में हुई है।
टांग टूटने के बाद बच्ची चलने फिरने की हालत में नहीं है। उसे चाइल्ड लाइन संस्था की मदद से शनिवार को अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। पीड़ित मां गोरखी देवी ने पुलिस को बताया कि उसका पति नशेड़ी है और अपनी इस लत की वजह से अक्सर मारपीट करता है। तीन दिन पहले सुबह के समय उसने बच्ची को लात मारी जिसकी वजह से वह नीचे गिर गई, जिससे उसकी टांग टूट गई। इस घटना के बारे में बच्ची की मां ने अपने भाई को सूचना दी थी। जिस पर बच्ची के मामा ने चाइल्ड लाइन संस्था के संयोजक कपिल शर्मा से संपर्क साधा और चाइल्ड लाइन की टीम शनिवार को तलेई पहुंच गई।
कपिल शर्मा ने बताया कि यहां उन्होंने स्थानीय वार्ड सदस्य से भी बातचीत की है। जिसमें वार्ड सदस्य ने व्यक्ति के नशेड़ी होने की पुष्टि कर दी। उन्होंने बताया कि वे बच्ची को मोटरसाइकिल पर अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे दाखिल कर लिया है। उधर, डीएसपी वीर बहादुर ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चाइल्ड लाइन संस्था की ओर से संपर्क साधा गया था। जिसके बाद पुलिस की टीम को अस्पताल भेजा गया है। यहां बच्ची और उसकी मां के बयान दर्ज किए जाएंगे। जिसके बाद पुलिस आगामी कार्रवाई करेेगी।